देहरादून। राजधानी के तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। फिलहाल दोनों का कोरोनेशन अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हत्या की घटना के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में व्यापक स्तर पर नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर से लेकर देहात तक पुलिस टीमों को अलर्ट पर रखा गया था।

लाडपुर जंगल में पहली मुठभेड़

तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया।

लालतप्पर में दूसरी मुठभेड़

इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के समय स्कूटी सवार एक बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर वह एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार और स्कूटी बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस लगातार उनसे पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का दावा – जल्द होगा पूरे मामले का खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या किसी और की भी इसमें भूमिका रही है।

Spread the love
error: Content is protected !!