देहरादून |नशे और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सेलाकुई क्षेत्र स्थित फार्मा सिटी में औषधि विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत थाना सेलाकुई पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने फार्मा सिटी में स्थापित विभिन्न फार्मास्युटिकल कंपनियों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औषधि विभाग द्वारा दवाइयों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। साथ ही कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रही दवाइयों के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्धता सामने आती है, तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही औषधि विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समय-समय पर फार्मास्युटिकल कंपनियों और मेडिकल स्टोरों के औचक निरीक्षण अभियान चलाए जाएं।

 

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना सेलाकुई के थानाध्यक्ष उप निरीक्षक पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार, उप निरीक्षक संतोष बिष्ट (अभिसूचना इकाई), हेड कांस्टेबल महेंद्र एवं औषधि विभाग से औषधि निरीक्षक मनिंदर सिंह राणा शामिल रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!