खटीमा: खटीमा स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी स्थित एक मकान में वृद्धा की संदिग्ध हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अब तक आसपास लगे 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। फुटेज में मिले संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
दूसरी मंजिल पर मिला था खून से लथपथ शव
खटीमा नगर के देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में मकान की दूसरी मंजिल पर रह रही वृद्धा जानकी चंद (पत्नी स्व. हरीश चंद) का शव बुधवार देर रात खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीन जांच टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन जांच टीमें गठित की हैं। जांच टीम में कोतवाल विजेंद्र शाह, एसएसआई ललित मोहन रावल, उपनिरीक्षक किशोर पंत, अशोक कांडपाल, भूपेंद्र रंसवाल, ललित बिष्ट, जीवन चुफाल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा तक पहुंची जांच
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं। हालांकि अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन सुरागों के आधार पर पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में भी जांच के लिए रवाना हुई हैं।
स्थानीय स्तर पर भी पुराने अपराधियों, नशे के आदी व्यक्तियों और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। मृतका के किरायेदार से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
बेटे ने दी तहरीर
मृतका के पुत्र प्रेम चंद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
