हरिद्वार: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार पहुंचेंगे, जहां वे जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने के साथ प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को भाजपा के लिए अहम राजनीतिक पड़ाव माना जा रहा है।

प्रदेश टोली की अहम बैठक

अमित शाह के दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश टोली की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक में कोर कमेटी के सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि गृह मंत्री आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन और सरकार की स्थिति की समीक्षा करेंगे। पार्टी की मजबूती और कमजोर क्षेत्रों का आकलन कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

चुनावी बिगुल की तैयारी

राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि हरिद्वार से भाजपा चुनावी बिगुल फूंक सकती है। केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में सरकार बदलाव की अटकलों पर विराम लगाने और राजनीतिक स्थायित्व का संदेश देने की तैयारी में है।

साथ ही, यदि कहीं एंटी इनकंबेंसी का असर है तो उसे प्रो-इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

23 मार्च को पीएम मोदी का प्रस्तावित दौरा

अमित शाह के कार्यक्रम के बाद 23 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी उत्तराखंड दौरे का प्रस्ताव है। सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सात मार्च की बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा होगी और भविष्य की रणनीति को और पुख्ता किया जाएगा।

Spread the love
error: Content is protected !!