चारधाम यात्रा 2026 : उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो गया है। पर्यटन विभाग ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालु सुबह 7 बजे से आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। यात्रा के तहत 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। चारधाम यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया है।

पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in और मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से श्रद्धालु 6 मार्च से अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। विभाग के अनुसार भारतीय श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए आधार कार्ड का उपयोग करना होगा, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा दी गई है।

पर्यटन विभाग ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण के अलावा ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण शुरू किए जाएंगे। इसके लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभाग की ओर से हेल्पलाइन सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। यात्री टोल-फ्री नंबर 0135-1364 पर 24 घंटे संपर्क कर यात्रा से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Spread the love

You missed

error: Content is protected !!