देहरादून |देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट और एक छात्र की मौत के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त सहित दो ईनामी आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

क्या है पूरा मामला?

23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 55/26 के तहत धारा 3(5)/61(2)/103(1)/191(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

पहले ही 4 आरोपी जा चुके हैं जेल

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों — युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज — को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान अन्य दो आरोपियों के नाम प्रकाश में आए, जो लगातार फरार चल रहे थे।

25-25 हजार का इनाम घोषित

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार गैर-प्रांतों में दबिश दे रही थीं। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदल रहे थे।

पश्चिम बंगाल से दबोचे गए आरोपी

सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिले के बांगमुण्डी थाना क्षेत्र स्थित आकाश रिसॉर्ट से मुख्य अभियुक्त प्रहलाद राज और अंकुर सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह, निवासी हनुमान नगर न्यू एरिया, जिला नवादा (बिहार), हाल निवासी सैनिक कॉलोनी फेज-2, प्रेमनगर, देहरादून (मुख्य अभियुक्त)

अंकुर सिंह पुत्र पुरुषोत्तम कुमार, निवासी महल्दीचक सोनपर, जिला गोपालपुर (बिहार), हाल निवासी सैनिक कॉलोनी फेज-2, प्रेमनगर, देहरादून

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थाना प्रेमनगर, एसओजी और अन्य थानों की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक अनीत कुमार, उप निरीक्षक सैंकी चौधरी, उप निरीक्षक प्रवीण सैनी सहित आठ पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देहरादून एसएसपी ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में सक्रिय और वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

Spread the love
error: Content is protected !!