देहरादून। 02 अप्रैल 2026 को श्री बालाजी महाराज शोभायात्रा के आयोजन के दृष्टिगत शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। शोभायात्रा दोपहर 3:30 बजे शिवाजी धर्मशाला से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः शिवाजी धर्मशाला पहुंचेगी। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
शोभायात्रा का रूट
शिवाजी धर्मशाला – सहारनपुर चौक – झंडा बाजार – रामलीला बाजार – धामावाला – पलटन बाजार – हनुमान मंदिर – चकराता रोड – बिंदाल चौक – तिलक रोड – भंडारी चौक – सहारनपुर चौक – शिवाजी धर्मशाला, देहरादून।
डायवर्जन व्यवस्था
शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से प्रस्थान करने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रिंस चौक रेलवे स्टेशन से आने वाले वाहनों को आवश्यकता अनुसार रोक-रोक कर छोड़ा जाएगा।
सहारनपुर चौक पर शोभायात्रा पहुंचने से पूर्व बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से कोई भी वाहन सहारनपुर चौक की ओर नहीं आने दिया जाएगा। बल्लीवाला से वाहनों को कमला पैलेस की ओर तथा लक्ष्मण चौक से पार्क रोड की ओर भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक से झंडा बाजार में प्रवेश करने के बाद, सहारनपुर चौक सामान्य होने पर सभी डायवर्जन समाप्त कर दिए जाएंगे।
घंटाघर से बिंदाल की ओर बढ़ते समय शोभायात्रा सड़क के आधे भाग का उपयोग करेगी और शेष भाग से यातायात संचालित होता रहेगा। यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो राजपुर से बिंदाल जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दर्शनलाल चौक से चकराता रोड जाने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर मोड़ा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक से शिवाजी धर्मशाला लौटने के दौरान प्रिंस चौक से लालपुल जाने वाले यातायात को आवश्यकता अनुसार गऊ घाट कट से मातावाला बाग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन की अपील
आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहनों को नहीं रोका जाएगा। यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि शोभायात्रा मार्गों का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। साथ ही संभव हो तो दोपहिया वाहनों का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
