आपदा प्रबंधन को लेकर डीएम डॉ. आशीष चौहान सख्त, सभी विभागों को टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम बनाने के निर्देश

 

देहरादून। मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और जनजीवन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने रविवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़क, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, नगर निगम, पुलिस समेत अन्य रेखीय विभागों के अधिकारियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं के अनुरूप विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को अपने स्तर पर टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम स्थापित करने तथा जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर चल रही जनहित परियोजनाओं के प्राथमिकता वाले सभी कार्य हर हाल में 7 जून तक पूरे किए जाएं। परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद संबंधित सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर मरम्मत एवं पुनर्स्थापन का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागों के बीच किसी भी प्रकार का कम्युनिकेशन गैप कार्यों में बाधा नहीं बनना चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक में नदी, नहरों और बरसाती नालों के चौनलाइजेशन कार्य मानसून से पहले पूरा करने, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा नालियों और स्कवरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जलभराव संभावित क्षेत्रों में क्यूआरटी की सक्रिय निगरानी तथा संवेदनशील इलाकों में वाटर पंप के साथ टास्क फोर्स तैनात करने को कहा गया।

 

यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग पर आवश्यकतानुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर देते हुए डीएम ने कहा कि शिकायतकर्ताओं से स्वयं फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओम पाल सिंह, अधीक्षण अभियंता सिंचाई संजय रॉय, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सीओ सिटी नितिन लोहानी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!