देहरादून।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गंभीरता से लेते हुए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएं तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं के नाम पूरी सावधानी के साथ हटाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।
डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों को व्यापक प्रशिक्षण देने तथा प्रशिक्षण के दौरान उनकी सभी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पटवारियों के माध्यम से भी सत्यापन कराने को कहा, जिससे पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ को राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची का पुनरीक्षण अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित होगा। इसके अलावा मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 7 जून तक गणना प्रपत्रों की छपाई और कार्मिकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। इसी दौरान नए मतदान केंद्रों का अंतिम निर्धारण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रथम ड्राफ्ट प्रकाशित होगा। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 11 सितंबर तक पूरा किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।
जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के तहत 16 मई तक 11 लाख 1 हजार 437 मतदाताओं (80.38 प्रतिशत) की मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मतदाताओं की मैपिंग जारी है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 47,923 मतदाता अनुपस्थित, 1,45,797 मतदाता स्थानांतरित तथा 33,008 मतदाता मृत पाए गए हैं।
जनपद में कुल 1,882 मतदेय स्थल हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी ने 1,836, कांग्रेस ने 1,443 तथा सीपीआई ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अधिकृत बीएलए-2 मतदाता सूची के परीक्षण, संशोधन और अन्य निर्वाचन कार्यों में बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर सहयोग कर सकते हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी ईआरओ, सहायक ईआरओ और निर्वाचन पुनरीक्षण कार्य से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
