अल्मोड़ा। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता टीम ने विकास खंड लमगड़ा में तैनात एकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का शौचालय निर्माण कार्य के तहत 3 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ था। इस टेंडर से संबंधित एफडीआर (FDR) रिलीज कराने के नाम पर आरोपी अकाउंटेंट द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप है कि बिना पैसे दिए फाइल आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया गया था।
सतर्कता टीम ने बिछाया जाल
मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने योजना बनाकर 8 अप्रैल 2026 को लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में ट्रैप ऑपरेशन चलाया।
जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू
गिरफ्तार आरोपी हर सिंह बिष्ट, पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, वर्तमान में लेखाकार के पद पर तैनात था। वह अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
सतर्कता विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
