हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट और नेशनल आईडी के साथ-साथ कई फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद हुए हैं। मामले में दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले एक अन्य दिव्यांग आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया है।
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई
एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। बुधवार को वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद कॉलेज के पास सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध महिला को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने नाम बदलकर रहने की बात स्वीकार की।
अवैध रूप से दिल्ली और हरिद्वार में रही
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला का असली नाम सहेला बेगम है, जो बांग्लादेश के कुमीला की निवासी है। वर्ष 2023 में इंटरनेट मीडिया के जरिए संपर्क में आए श्यामदास के कहने पर वह भारत आई थी। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से पहले दिल्ली और फिर हरिद्वार में रह रही थी।
हरिद्वार पहुंचने के बाद महिला ने अपने साथी श्यामदास की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और विवाह प्रमाण पत्र जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार करा लिए। पुलिस ने श्यामदास को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो बिलासपुर, छत्तीसगढ़ का निवासी बताया गया है।
जांच जारी
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में और कौन-कौन शामिल था। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
