हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां MBA की पढ़ाई कर रहे एक 22 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। युवक का शव घर के अंदर गेहूं से भरे नीले रंग के ड्रम में रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम का माहौल है।
परिवार से विवाद के बाद कमरे में गया था युवक
पुलिस के अनुसार गिरिजा विहार फेस-6, कमलुवागांजा मुखानी निवासी दिनेश माहरा, पुत्र गंगा सिंह माहरा, हल्द्वानी के एक निजी कॉलेज से MBA द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात परिवार के एक सदस्य के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दिनेश ने खाना खाया और करीब रात 9 बजे अपने कमरे में चला गया।
सुबह तक कमरे से बाहर नहीं निकला, मां ने देखा भयावह दृश्य
मंगलवार सुबह काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दिनेश अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो उसकी मां कुसुम को चिंता हुई। जब वह कमरे के पास पहुंचीं तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सीढ़ियों के ऊपर बने रैक पर रखे नीले ड्रम में दिनेश रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों ने तुरंत आसपास के लोगों की मदद से दिनेश को नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फांसी से पहले नस काटने की आशंका
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के एक हाथ में कट के दो निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि दिनेश ने आत्महत्या से पहले अपनी नस काटने की भी कोशिश की थी, लेकिन सफल न होने पर उसने फांसी लगा ली।
मोबाइल फोन जब्त, हर एंगल से जांच
घटनास्थल से पुलिस को दिनेश का मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल सबूतों के जरिए मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। परिजनों के अनुसार दिनेश पढ़ाई के लिए मोबाइल का काफी उपयोग करता था।
पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल
मृतक दिनेश माहरा के पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं। परिवार में दिनेश सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई पीलीभीत में नौकरी करता है। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना मुखानी पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
