ऊधमसिंह। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में अवैध खनन के मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अजय गणपति (एसएसपी) ने शक्तिफार्म चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शक्तिफार्म क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में मीडिया रिपोर्ट्स में भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने जांच के आदेश दिए।

जांच में मिली लापरवाही

जांच के दौरान ड्यूटी के प्रति उदासीनता और लापरवाही सामने आई। इसके बाद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट सहित कुल आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

सख्त संदेश

इस कार्रवाई के जरिए एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!