चारधाम यात्रा 2026 अपडेट । चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने इस बार विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रा के दौरान प्रत्येक तीर्थयात्री के स्वास्थ्य की निगरानी ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम में की जाएगी।
आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए यात्रा मार्गों पर 177 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस और एक हेली एंबुलेंस क्रियाशील रहेगी, जिसका संचालन एम्स ऋषिकेश के माध्यम से किया जाएगा।
चिकित्सा इकाइयों में तैनात रहेंगे विशेषज्ञ
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों और चारों धामों में स्थायी और अस्थायी चिकित्सा इकाइयों को पूरी तरह सुसज्जित किया जाएगा। यहां अनुभवी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।
बनाए गए हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट
यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं की जांच कर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का समय पर उपचार किया जाएगा।
बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती
यात्रा के दौरान 16 विशेषज्ञ चिकित्सक, 46 मेडिकल ऑफिसर और 85 पैरामेडिकल स्टाफ को 15 दिन के रोस्टर के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा 100 स्वास्थ्य मित्र भी यात्रा मार्गों पर तैनात रहेंगे, जो श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे।
सरकार का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहतर बनाना है।
