देहरादून। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर कांग्रेस मुख्यालय से पदयात्रा निकाली और महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के आह्वान पर देशभर में चल रहे विरोध कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन, देहरादून से भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा शुरू की।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर रैली निकाली और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। जुलूस जब कनक चौक, देहरादून पहुंचा तो पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी ‘अंत्येष्टि’ की और धूपबत्ती जलाकर विरोध जताया। इसके साथ ही महिलाओं ने सड़क पर चूल्हा जलाकर लकड़ी से रोटी और सब्जी बनाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई परिवारों को एक बार फिर पुराने समय की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाद में महिलाओं ने वहीं तैयार किया गया भोजन लोगों को खिलाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रही कई महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि रसोई गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Spread the love
error: Content is protected !!