उत्तरकाशी: पहाड़ों में लगी जंगल की आग एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। आग के कारण पहाड़ी से गिरते पत्थरों की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लाटा गांव निवासी मयंक पंवार (पुत्र महेश पंवार, उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मयंक पंवार बाइक से उत्तरकाशी से नेताला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गणेशपुर और नेताला के बीच गंगोत्री हाईवे पर स्थित पहाड़ी क्षेत्र में जंगल में आग लगी हुई थी। आग के कारण पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे थे।

बताया जा रहा है कि उसी दौरान एक बड़ा पत्थर अचानक ऊपर से गिरकर सीधे मयंक पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को बचाने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों की मदद से मयंक को तुरंत जिला अस्पताल उत्तरकाशी ले जाया गया। अस्पताल में सीएमएस डॉ. पीएस पोखरियाल ने प्रारंभिक जांच के दौरान बताया कि युवक को अंदरूनी गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान मयंक ने दम तोड़ दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, पहाड़ों में लगातार लग रही जंगल की आग को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता भी बढ़ गई है।

Spread the love

You missed

error: Content is protected !!