देहरादून। राजधानी के व्यस्ततम चकराता रोड पर सोमवार शाम पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और झगड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चकराता रोड पर कुछ युवकों के बीच पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बीच सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि एक पक्ष में दीपक और उसका दोस्त अक्षय हैं, जबकि दूसरे पक्ष में मनआनंद शामिल है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली नगर में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस चश्मदीदों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
