देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। जहां रविवार को पहाड़ से मैदान तक मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही, वहीं सोमवार से मैदानी इलाकों में कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके चलते ठंड में इजाफा हो सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं।

ऊंचाई वाले इलाकों में ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। इससे पर्वतीय जिलों में ठंड और बढ़ सकती है और आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।

11 फरवरी तक ऐसा ही रहेगा मौसम

आने वाले दिनों की बात करें तो 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद 12 फरवरी से मौसम शुष्क होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से गर्मी का अहसास बढ़ेगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

दून में तापमान सामान्य से ऊपर

रविवार को देहरादून में चटख धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान का हाल कुछ ऐसा ही रहा।

Spread the love
error: Content is protected !!