हाथी दांत चोरी प्रकरण पर जल्द होगा बड़ा एक्शन, वन मंत्री ने दिखाई सख्ती

लालढांग रेंज के सरकारी मालखाने से गायब हुए थे हाथी के 5 कीमती दांत, अब वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कड़े एक्शन के दिए संकेत

देहरादून: पौड़ी के लालढांग रेंज में हाथी दांत चोरी प्रकरण में वन विभाग के अधिकारियों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है. जांच और सत्यापन में सामने आई गंभीर लापरवाही को लेकर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए बड़े एक्शन के संकेत दिए हैं.

दरअसल, लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज में सुरक्षित रखे गए हाथियों के दांत सत्यापन के दौरान गायब मिले थे. मामले में पहले ही कई अधिकारी, कर्मी निलंबित हो चुके हैं. अब हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग के भीतर कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है.

विभागीय जांच में अधिकारियों और कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद अब वन मंत्री ने भी आने वाले दिनों में बड़े एक्शन के संकेत दिए हैं. ऐसे में पहले ही निलंबित हो चुके 4 कर्मचारियों पर आगे की कार्रवाई होने से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

क्या था मामला? लालढांग रेंज के कार्यालय परिसर में स्थित मालखाने में रखे हाथियों के दांतों का सत्यापन किए जाने के दौरान 5 दांत गायब होने की सूचना मिली थी. रिकॉर्ड में कुल 15 हाथी दांत दर्ज थे. जबकि भौतिक सत्यापन में महज 10 ही मौके पर मिलने की सूचना मिली.

इसके बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया था. मामला सामने आने के बाद विभागीय जांच के साथ पुलिस ने भी आपराधिक पहलू से पड़ताल शुरू की. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी.

जांच में गंभीर लापरवाही आई थी सामने: समिति ने 6 नवंबर को अपनी रिपोर्ट वन संरक्षक को सौंप दी थी. जांच में मालखाने की निगरानी, रिकॉर्ड के रखरखाव और दांतों की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आई. रिपोर्ट में रेंजर, तत्कालीन प्रभारी रेंजर, वन दरोगा और कर्मचारी की भूमिका पर सवाल उठाए गए.

इन पर गिर चुकी गाज: वहीं, जांच के बाद लालढांग के रेंजर अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित कर दिया गया. इससे पहले वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा वीरेंद्र सिंह पर भी निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है.

गुलाम मुस्तफा भी हो चुका गिरफ्तार: वहीं, उपनल के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. उधर, पुलिस ने इस मामले में गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया है. जबकि, उसका एक अन्य साथी अभी फरार है.

आखिर सुरक्षित मालखाने से बाहर कैसे पहुंचे हाथी दांत: सबसे बड़ा सवाल ये है कि सरकारी मालखाने में सुरक्षित रखे गए हाथी दांत आखिर बाहर कैसे पहुंचे? विभागीय निगरानी के बावजूद लंबे समय तक इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या इसमें मिलीभगत हुई.

वन मंत्री सुबोध उनियाल सख्त: अब वन मंत्री सुबोध उनियाल के ताजा संकेतों के बाद विभागीय कार्रवाई में और तेजी आने की संभावना है. हालांकि, गायब हाथी दांतों की बरामदगी अभी भी चुनौती बनी हुई है. इस मामले पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि,

“यह मामला घोर लापरवाही से जुड़ा हुआ है. इस मामले में क्षेत्र के इंचार्ज की तरफ से लापरवाही की गई. ऐसे में अब अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. उसके सामने आते ही प्रकरण पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.”- सुबोध उनियाल वन मंत्री उत्तराखंड

Spread the love
error: Content is protected !!