सीसीटीवी में घटनास्थल के पास दिखी संदिग्ध कार, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका; महिला की शिनाख्त में जुटी पुलिस
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में जंगल के अंदर कूड़े के ढेर के पास एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के इरादे से शव को यहां फेंका गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे थाना प्रेमनगर को जामुनवाला के जंगल में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कूड़े के ढेर के पास महिला का शव पड़ा मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
हाथ पर बने टैटू से पहचान की कोशिश
फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने महिला की तस्वीर और उसके हाथ पर बने टैटू की फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर पहचान कराने के प्रयास शुरू किए हैं। इसके अलावा जिले के अन्य थानों के साथ आसपास के जिलों और राज्यों से भी लापता महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध कार
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें घटनास्थल और वहां तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही सर्विलांस और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के दौरान एक अहम सुराग मिला है। 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से एक संदिग्ध कार गुजरती दिखाई दी है। पुलिस इस कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
चौकी प्रभारी ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिधौली चौकी प्रभारी ने स्वयं वादी बनकर थाना प्रेमनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष प्रेमनगर कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध कार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
