जौलजीबी मेले में हंगामा पड़ा भारी! कांग्रेस के 4 नेता गिरफ्तार, विधायक हरीश धामी पर भी केस, 14 दिन की जेल

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जौलजीबी मेले के उद्घाटन के बाद हुए हंगामे और बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कांग्रेस के चार नेताओं को अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बता दें, इस मामले में धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है।

क्या हुआ था मेले में?

14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यक्रम में स्थानीय विधायक हरीश धामी को बोलने का मौका नहीं दिया गया। इससे नाराज विधायक ने सीएम के जाने के बाद कार्यक्रम में हंगामा किया, माइक तोड़ा और कुर्सियां फेंकी।

विधायक ने भाजपा को चुनौती देते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम में स्थानीय विधायक को बोलने का मौका नहीं दिया गया।

कौन-कौन गिरफ्तार हुआ?

एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार लोगों में –

 

1.राम सिंह रोकाया – निवासी सूबा, धारचूला

2.सौरभ मर्तोलिया – निवासी सिरदांग

3.नृप सिंह – निवासी सिनेमा लाइन, धारचूला

4. विक्रम दानू – निवासी पथरकोट, मुनस्यारी

 

शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने और गवाहों को डराने-धमकाने की आशंका को खत्म करने के लिए गिरफ्तारी जरूरी थी।

 

सीएम का पलटवार, कांग्रेस का जवाब

 

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने अपना जनाधार खो दिया है, जिसके कारण उसके नेता “मानसिक संतुलन खो रहे हैं।”

 

वहीं, विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को “डरपोक” बताते हुए उन पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रशासन के जरिए विपक्षी जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस अपने विधायक के साथ मजबूती से खड़ी है।

भाजपा ने जलाया पुतला

इधर, हंगामे को लेकर भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को सिल्थाम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और विधायक हरीश धामी का पुतला जलाया।

भाजपा ने आरोप लगाया कि विधायक धामी लगातार मुख्यमंत्री के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो निंदनीय है।

Spread the love
error: Content is protected !!