देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कथित 210 करोड़ रुपये के संपत्ति विवाद को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार और मंत्री को घेर रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट साझा कर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाओं पर पलटवार किया है। उन्होंने मंत्री की कथित संपत्तियों की जांच कराने की मांग करते हुए अपनी और अपने परिवार की संपत्ति की जांच कराने की भी चुनौती दी है।

हरीश रावत ने लिखा कि संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री की इतनी बड़ी संपत्ति को लेकर जनता को सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उन्होंने दावा किया कि संपत्ति का खुलासा किसी विपक्षी नेता ने नहीं, बल्कि स्वयं मंत्री के पति ने किया है। रावत ने हल्द्वानी-बरेली रोड स्थित कथित आलीशान फार्म हाउस, बरेली-शाहजहांपुर रोड की टाउनशिप और देहरादून व ऊधमसिंह नगर में बताई जा रही संपत्तियों की जांच की मांग की।

सीएम धामी की चुप्पी पर भी उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने पूरे मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार की जानकारी दी थी। रावत ने आरोप लगाया कि यदि संपत्ति को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद सामने नहीं आता तो कथित गड़बड़ी जारी रहती।

 

उन्होंने कहा कि वह अपनी और अपने परिवार की संपत्ति की जांच कराने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि पहले उनके परिवार की संपत्तियों की जांच की जाए और उसके बाद मंत्री से जुड़े मामले की भी जांच होनी चाहिए।

 

डेनिस शराब के आरोपों पर भी दी सफाई

 

हरीश रावत ने अपने कार्यकाल के दौरान डेनिस शराब को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने शराब नीति को राज्य की बागवानी और कृषि से जोड़ने का प्रयास किया था। इसके तहत प्रदेश के स्थानीय फल, सब्जी और गन्ने का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों को 20 प्रतिशत मार्केटिंग राइट दिए गए थे।

 

रावत के अनुसार, इस नीति से बंद होने के कगार पर पहुंची लक्सर समेत दो शुगर मिलों को लाभ हुआ और टनकपुर व कर्णप्रयाग मंडियों के किसानों को भी फायदा मिला। उन्होंने गोवा की काजू फेनी, कर्नाटक की रागी बीयर और फ्रांस-रूस की नीतियों का उदाहरण देते हुए अपने फैसले को सही ठहराया। साथ ही उन्होंने मौजूदा सरकार को अपने कार्यकाल की इस नीति की जांच कराने की खुली चुनौती भी दी।

 

रेखा आर्या से जुड़े संपत्ति विवाद और डेनिस शराब के मुद्दे पर हरीश रावत के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के आसार हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!