2024 में कुछ नंबर से रह गई थी PCS, इस बार 366 अंकों के साथ मारी बाजी
रानीपोखरी / देहरादून।उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित पूर्ति निरीक्षक (Supply Inspector) परीक्षा के परिणाम में रानीपोखरी निवासी मुस्कान गोयल ने शानदार सफलता हासिल की है। मुस्कान ने Rank 4 हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आयोग की लिस्ट के अनुसार उनका रोल नंबर 525431 है और उन्हें 366 अंक प्राप्त हुए हैं। उनका चयन UR/UF वर्ग में हुआ है।
2024 में चूकी थीं PCS, पिता की मौत से टूटी थीं
मुस्कान की ये सफलता संघर्ष और हौसले की मिसाल है। जानकारी के मुताबिक साल 2024 में वे PCS परीक्षा में कुछ नंबरों से चयन से वंचित रह गई थीं।

मुस्कान के पिता स्व. सोहन सिंह गोयल जो कि एक सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य (Retired Principal) थे, उनका निधन पिछले साल लोअर PCS प्रीलिम्स परीक्षा से कुछ दिन पहले ही हो गया था। पिता के जाने का गहरा सदमा लगने के बावजूद मुस्कान ने खुद को संभाला और अपनी तैयारी जारी रखी।
पिता के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की और आज सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयनित होकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के गेट पर साड़ी में खड़ी मुस्कान की यह तस्वीर आज सोशल मीडिया पर हर किसी को प्रेरित कर रही है।
रानीपोखरी क्षेत्र में इस खबर के बाद से खुशी का माहौल है। हमारे पोर्टल परिवार की ओर से मुस्कान गोयल को उज्जवल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं।
