Uttrakhand में स्वाइन फ्लू, डेंगू और कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा, अब तक 53 लोग कोरोना पॉजिटिव, 184 मरीजों में डेंगू की पुष्टि

देहरादून: उत्तराखंड में सीजनल बीमारियों के बीच इन्फ्लुएंजा से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. आलम ये है कि अभी तक 557 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है. राहत भरी खबर ये है कि इनमें 472 मरीज ठीक भी हो चुके हैं. जबकि, 83 मरीजों का इलाज जारी है. हालांकि, स्वाइन फ्लू की वजह से अभी तक 2 मरीजों की मौत हो चुकी है.

 

पिछले 24 घंटे के भीतर स्वाइन फ्लू के 24 नए मामले सामने आए हैं. जिसमें से अकले देहरादून जिले में 12 मामले और अन्य जिलों में 12 मामले सामने आए हैं. प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू के अलावा, डेंगू और कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है. वहीं, प्रदेश में तेजी बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंताओं को और ज्यादा बढ़ा दिया है. चिंता की बात ये है कि स्वाइन फ्लू की चपेट में सबसे ज्यादा छोटे बच्चे और बुजुर्ग आ रहे हैं.

 

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अभी प्रदेश में 557 स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं. जिसमें से 88 मरीज 1 से 10 साल तक के बच्चे हैं. इसके साथ ही 11 से 20 साल के 47 बच्चे, 21 से 30 साल के 62 मरीज, 31 से 40 साल के 50 मरीज, 41 से 50 साल के 54 मरीज, 51 से 60 साल के 87 मरीज, 61 से 70 साल के 94 मरीज, 71 से 80 साल के 61 मरीज और 81 से 100 साल के 14 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है. महिलाओं के मुकाबले पुरुष ज्यादा स्वाइन फ्लू की चपेट में आ रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार, कुल स्वाइन फ्लू के 408 मरीजों में से 259 महिला और 298 पुरुष मरीज शामिल हैं.

 

स्वाइन फ्लू (H1N1) के मुख्य लक्षण-

 

अचानक तेज बुखार के साथ ठंड लगना

लगातार सूखी या बलगम वाली खांसी होना

गले में तेज दर्द या खराश का होना

सिरदर्द और मांसपेशियों में तेज ऐंठन या दर्द होना

अत्यधिक थकान और कमजोरी का होना

नाक बहना या नाक का बंद होना

सांस लेने में कठिनाई या सांस फूलना

कुछ बच्चों में उल्टी और दस्त (डायरिया) होना

 

प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम के बीच सीजन बीमारियों के साथ स्वाइन फ्लू के मामले भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग मरीज के जांच पर जोर दे रहा है. खासकर, संदिग्ध मरीजों का विशेष रूप से स्वाइन फ्लू की जांच की जा रही है. अभी तक 1572 सैंपल की जांच की गई है. जिसमें से 370 देहरादून और 187 अन्य जिले में मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं.

 

कोरोना और डेंगू के मरीज भी बढ़े: इसी तरह अभी तक कोरोना संक्रमण को देखते हुए 787 सैंपल लिए गए हैं. जिसमें से 53 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें 26 देहरादून और 27 अन्य जिलों के शामिल हैं. इसी तरह डेंगू के जांच के लिए करीब 30,606 सैंपल लिए गए हैं. जिसमें से 184 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है. इनमें से देहरादून जिले में 86 मरीज और अन्य जिलों के 98 मरीज शामिल हैं. हालांकि, इन मरीजों में से 158 मरीज ठीक हो चुके हैं. जबकि, 26 मरीजों का इलाज चल रहा हैं.

 

कोरोना और स्वाइन फ्लू से बचाव एवं सावधानियां-

 

हाथ बार-बार साबुन-पानी से धोएं या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें

 

भीड़-भाड़ वाले स्थानों में मास्क का इस्तेमाल करें.

 

छींक या खांसी के दौरान टिशू या रुमाल का इस्तेमाल करें.

चेहरे, आंख, नाक, मुंह को बार-बार छूने से बचें.

शारीरिक दूरी बनाए रखें.

 

अगर इसके लक्षण हों तो घर पर रहें, दूसरों से या भीड़ से बचें.

 

लक्षण होने पर आइसोलेट रहें. मास्क पहनें और परिवार के सदस्यों से दूरी बनाए रखें.

 

आराम करें, ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों का सेवन करें.

 

डॉक्टर की सलाह पर दवाइयों का सेवन करें.

 

उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी चिकित्सा प्रभारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इसकी लगातार मॉनिटरिंग करते रहें है. वहीं, ईटीवी भारत से बातचीत करते हुए देहरादून के सीएमओ मनोज शर्मा ने कहा कि,

 

“सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं. अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच, उपचार और उनकी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है. साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए गए हैं कि फ्लू के मामलों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं.”- मनोज शर्मा, सीएमओ, देहरादून

Spread the love
error: Content is protected !!