काशीपुर: प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में बिना मान्यता के संचालित हो रहे दो मदरसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। दोनों मदरसों के प्रबंधकों को दोबारा अवैध रूप से संचालन करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी और काशीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी पुलिस बल के साथ शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे मदरसों की जांच के लिए निकले। टीम ने कटोराताल चौकी क्षेत्र में संचालित दो मदरसों में पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान टीम ने ‘मदरसा मो0 हनीफ सिद्धकी’ और ‘कासिफ उल उलूम’ में कार्रवाई की। तहसीलदार की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान दोनों मदरसों को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के समय दोनों मदरसों के प्रबंधक मौ. रफीक और शमीम अहमद मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने उन्हें सख्त चेतावनी दी कि यदि दोनों मदरसों को दोबारा अवैध रूप से संचालित करने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुंडा, आईटीआई और जसपुर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
