देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, 100 वार्डों में 50 सेक्टर अधिकारी तैनात
हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन का बड़ा अभियान, प्लास्टिक फैक्ट्रियों से लेकर दुकानों तक होगी कार्रवाई
देहरादून।उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल और आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के बाद देहरादून प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों की निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारी नामित किए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक बनाने वाली फैक्ट्रियों और उद्योगों पर विशेष छापेमारी कर निरीक्षण किया जाएगा।
नोडल अधिकारी नियुक्त
हाईकोर्ट के आदेश पर संयुक्त आयुक्त (विवेचना/प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को पूरे अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत के साथ समन्वय कर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराएंगे।
नगर निगम स्तर से भी अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है, जो सेक्टर अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे। विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी और सेलाकुई में संबंधित निकायों को अपने क्षेत्र में व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त नोडल अधिकारी होंगे। वहां प्लास्टिक प्रतिबंध के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। सफाई से पहले और बाद के Google Photo के साथ रिपोर्ट देनी होगी।
पुलिस और पंचायतों को भी जिम्मेदारी
सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्र में प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अभियान में सहयोग करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी सहयोग करेगा।
रोज देनी होगी फोटो के साथ रिपोर्ट
सेक्टर अधिकारियों को अपने वार्डों का नियमित भ्रमण कर 3 दिन के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट Google Photograph के साथ देनी होगी। वहीं स्वच्छता अभियान के तहत रोजाना कूड़ा और गंदगी वाले स्थानों की सफाई से पहले और बाद की फोटो रिपोर्ट देनी अनिवार्य होगी। सभी अधिकारियों को प्रतिदिन जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
