ऋषिकेश। दून पुलिस ने एसएसपी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए कुख्यात बताए जा रहे “किंग ऑफ उत्तराखंड” गैंग से जुड़े 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज स्थित सोनौली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था।

 

कोतवाली ऋषिकेश में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा और उसके अन्य साथियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस के अनुसार गैंग भूमि एवं पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त था। गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

 

पुलिस के मुताबिक रवि गुप्ता मुकदमा दर्ज होने के बाद लगातार फरार चल रहा था, जिस पर एसएसपी देहरादून ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से 28 अगस्त को सोनौली में दबिश देकर आरोपी को स्कॉर्पियो वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया।

 

आरोपी के कब्जे से नेपाल कस्टम से संबंधित वाहन दस्तावेज और नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी अभिलेख भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार रवि गुप्ता के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में चार मुकदमे दर्ज हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!