देहरादून- उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र ने आज प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अलर्ट के बीच टिहरी में भी हल्की बारिश हो रही है।
पौड़ी में पहाड़ी दरकी, मोटरमार्ग बंद
पौड़ी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बीरोंखाल ब्लॉक के मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर रविवार को पहाड़ी दरक गई। भीषण भूस्खलन के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तरकाशी में श्रमिक का रेस्क्यू
उत्तरकाशी में खरादी झूला पुल के पास यमुना नदी के तेज बहाव में एक श्रमिक फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने रस्सियों के सहारे अभियान चलाकर श्रमिक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
प्रदेश में 80 सड़कें बंद
भारी बारिश और भूस्खलन का असर प्रदेश के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। राज्य आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में कुल 80 सड़कें बंद हैं। इनमें 2 स्टेट हाईवे, 1 मुख्य जिला मार्ग, 12 पीडब्ल्यूडी सड़कें और 55 पीएमजीएसवाई/आरडब्ल्यूडी सड़कें शामिल हैं।
वहीं, 1 अप्रैल 2026 से अब तक प्राकृतिक आपदाओं में 44 लोगों की मौत, 46 लोग घायल और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
25 अगस्त: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर हो सकते हैं।
26 अगस्त: मानसून की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है।
27 अगस्त: प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
लगातार बारिश को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मौसम और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी advisories पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
