सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांग रहा था घूस
हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल पास कराने के नाम पर ₹10 हजार रिश्वत मांगना एक सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने मंगलवार को उसे शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
मामला विकासखंड खानपुर का है। शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में सहायक कृषि अधिकारी ₹10 हजार की मांग कर रहा है।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद सतर्कता टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
मंगलवार 18 अगस्त 2026 को सतर्कता टीम ने कार्रवाई करते हुए हरिओम यादव पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल, हाल तैनाती सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, हरिद्वार को शिकायतकर्ता से ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सतर्कता अधिष्ठान ने कहा कि रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
