देहरादून के 1.59 लाख गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर! 23 अगस्त तक e-KYC नहीं कराई तो अटक सकती है LPG सप्लाई…..
देहरादून के घरेलू LPG गैस उपभोक्ताओं के लिए बेहद जरूरी खबर है। जनपद में घरेलू गैस कनेक्शनों की e-KYC प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार ने उपभोक्ताओं को e-KYC कराने के लिए अब 23 अगस्त 2026 तक का अतिरिक्त समय दिया है।
देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू LPG गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने अपनी e-KYC पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की e-KYC अभी बाकी है। इनमें 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PM Ujjwala Yojana) के लाभार्थी भी शामिल हैं।
पहले e-KYC कराने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन अब भारत सरकार ने उपभोक्ताओं को एक और अवसर देते हुए अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी है।
गैस उपभोक्ता अपनी e-KYC तीन आसान तरीकों से करा सकते हैं। पहला, अपने संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर। दूसरा, गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के मोबाइल ऐप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से। तीसरा, संबंधित तेल विपणन कंपनी यानी Indane, Bharat Gas या HP Gas के अधिकृत मोबाइल ऐप के जरिए स्वयं e-KYC की जा सकती है।
जिला पूर्ति अधिकारी श्री के.के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी e-KYC पूरी करा लें, ताकि घरेलू LPG सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
23 अगस्त 2026 तक भी e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू LPG गैस की आपूर्ति बाधित हो सकती है और उन्हें गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध होने की स्थिति बन सकती है।
इसलिए अगर आपने अभी तक अपनी LPG e-KYC नहीं कराई है, तो 23 अगस्त का इंतजार न करें और जल्द से जल्द e-KYC पूरी करा लें।
