देहरादून। प्रस्तावित VVIP भ्रमण कार्यक्रम को लेकर देहरादून पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। VVIP दौरे के मद्देनजर शहर में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

 

VVIP भ्रमण को देखते हुए 19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक, जबकि 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा।

 

ऋषिकेश से देहरादून और मसूरी जाने वाले वाहन

 

ऋषिकेश से देहरादून आने वाले वाहनों को रानीपोखरी, भोगपुर, थानों, 06 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए देहरादून भेजा जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर भेजा जाएगा।

 

हरिद्वार से आने वाले वाहनों के लिए रूट

 

हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक और दूधली मार्ग से कारगी चौक होते हुए देहरादून भेजा जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहन कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी पहुंचेंगे।

 

आशारोड़ी और प्रेमनगर से मसूरी जाने वालों के लिए

 

आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी की ओर भेजा जाएगा।

 

देहरादून से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वालों के लिए

 

देहरादून शहर से हरिद्वार या ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

 

मसूरी से हरिद्वार-ऋषिकेश का रूट

 

मसूरी से आने वाले वाहनों को जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठालगेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किर्शाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, 06 नंबर पुलिया और थानो रोड होते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा।

 

शहर के अंदर भी बदला रहेगा रूट

 

ईसी रोड से मसूरी जाने वाले वाहनों को सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर से भेजा जाएगा। वहीं घंटाघर से मसूरी जाने वाले वाहनों को ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर होते हुए आगे भेजा जाएगा। हाथीबड़कला और दिलाराम क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहन भी ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड और काठ बंगला पुल के रास्ते जाएंगे।

 

यातायात पुलिस ने भोगपुर तिराहा, भानियावाला फ्लाईओवर, दूधली रोड, कारगी चौक, शिमला बाईपास चौक, एनेक्सी तिराहा, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, साईं मंदिर, दिलाराम चौक, ग्रेट वैल्यू तिराहा, साईं मंदिर तिराहा और कुठालगेट तिराहा को प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाया है।

 

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन और रूट प्लान का पालन करने की अपील की है। मुख्य मार्ग, सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करने को कहा गया है। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को ट्रैफिक क्रेन से टो किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसे अति आवश्यक सेवा वाले वाहनों को डायवर्ट नहीं किया जाएगा। अन्य आवश्यक सेवा वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। वाहन चालकों से अनावश्यक हॉर्न न बजाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Spread the love
error: Content is protected !!