देहरादून।कोतवाली नगर पुलिस ने वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी समेत कुल चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दून अस्पताल के पास हुई वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओं के संबंध में मिली तहरीरों के आधार पर कोतवाली नगर में बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने जल्द खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में वाहन चोरी में शामिल रहे आरोपितों का भी सत्यापन किया गया।पुलिस की जांच के दौरान आठ जुलाई को सीएनआई चर्च के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो युवकों को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के तीन अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद कर लिए। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान रोहित गुप्ता निवासी ईश्वर विहार, नालापानी रायपुर रोड और तुषार कुमार निवासी भगत सिंह कॉलोनी, रायपुर के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि महंगे शौक और अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए वे वाहन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को बेचने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित रोहित गुप्ता पूर्व में भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
बरामद वाहन
होंडा एक्टिवा स्कूटी (यूके-07-बीजी-6007)
होंडा एक्टिवा स्कूटी (यूके-07-बीएच-3469)
होंडा मोटरसाइकिल (यूके-07-बीएक्स-2356)
स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके-17-सी-6157)
