देहरादून: देहरादून में इंस्टाग्राम रील बनाना एक महिला को भारी पड़ गया। घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली महिला ने जिस हीरे के हार और सोने के आभूषण पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाई, वह उसके नहीं बल्कि उसकी मालकिन के थे। रील पीड़िता के परिचित तक पहुंची तो चोरी का राज खुल गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

 

रील देखकर हुआ चोरी का खुलासा

 

आईटी पार्क क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले घर में रखे हीरे और सोने के आभूषण नहीं मिल रहे थे। उन्हें लगा था कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।

 

कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें इंस्टाग्राम पर एक महिला की रील दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहनकर वीडियो बना रही थी। हार को देखते ही नितिशा को शक हुआ, क्योंकि वह उनके गायब हुए हार से हूबहू मिलता था। जांच करने पर पता चला कि रील बनाने वाली महिला उनकी पूर्व घरेलू सहायिका थी।

 

घरेलू सहायिका निकली चोर

 

पीड़िता की शिकायत पर थाना राजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी महिला को जोहड़ी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण बरामद किए।

 

बरामद सामान में एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का पेंडेंट शामिल हैं।

लॉकर से चुराए थे गहने

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण देखे थे और लालच में आकर करीब एक साल पहले मौका पाकर उन्हें चुरा लिया। बाद में उसने मालकिन को भरोसा दिलाया कि शायद गहने कहीं और रखे गए होंगे या किसी परिचित को दिए गए होंगे।

10 लाख के आभूषण बरामद

आरोपी ने चोरी के गहने बेचने की कई बार कोशिश की, लेकिन महंगे हीरे और सोने के आभूषण होने के कारण उन्हें बेच नहीं सकी। आखिरकार इंस्टाग्राम पर बनाई गई एक रील ही उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गई और पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल रही।

 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लगभग 10 लाख रुपये कीमत के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Spread the love
error: Content is protected !!