देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में 23 जून को हुए दर्दनाक बस हादसे की अब मजिस्ट्रियल जांच होगी। हादसे में दो मजदूरों की मौत और तीन अन्य के गंभीर रूप से घायल होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशीष चौहान ने एसडीएम सदर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को बस ने कुचला था

23 जून की सुबह सहारनपुर रोड स्थित लालपुल के पास एक तेज रफ्तार सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूरों को कुचल दिया था। हादसे में सभी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 22 वर्षीय आहद और मानसिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच

जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच में दुर्घटना के कारण, बस में चालक सहित यात्रियों की संख्या, मृतकों और घायलों का पूरा विवरण, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतकों के उत्तराधिकारियों की जानकारी, परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के कर और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन की जांच की जाएगी।

भविष्य में हादसे रोकने के लिए दिए जाएंगे सुझाव

जांच रिपोर्ट में भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कदम उठाए जा सकें।

लोगों से मांगे गए साक्ष्य

प्रशासन ने इस मामले से संबंधित किसी भी व्यक्ति से अपील की है कि यदि उनके पास घटना से जुड़े कोई दस्तावेज, साक्ष्य या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी है, तो वे एक सप्ताह के भीतर एसडीएम सदर कार्यालय या न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर प्रस्तुत कर सकते हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!