खटीमा (ऊधमसिंह नगर): उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित खटीमा क्षेत्र में बुधवार रात एक खौफनाक घटना सामने आई। उद्यम सिंह नगर की देवभूमि कॉलोनी में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान और गले पर कट का निशान मिला है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
घर में अकेली रहती थीं महिला
मृतका की पहचान जानकी (65 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय हरीश चंद के रूप में हुई है। उनका बेटा सूरज बंगाल इंजीनियर कोर में नायक के पद पर जालंधर में तैनात है। उनकी दो बेटियां पूनम और सुमन हैं, जिनका विवाह हो चुका है। महिला घर में अकेली रहती थीं।
फोन नहीं उठाने पर हुआ शक
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम बेटी पूनम ने मां को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद बेटे सूरज को सूचना दी गई। सूरज ने भी कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। चिंतित होकर सूरज ने परिचितों को घर भेजा।
परिचितों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सूरज को वीडियो कॉल कर स्थिति दिखाई और दरवाजे का ताला तोड़ दिया। अंदर जाकर देखा तो जानकी जमीन पर पड़ी थीं और उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर रात करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
